किशनगंज में एनडीए का बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन 6 फरवरी को खगड़ा स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को सर्किट हाउस में एनडीए के विभिन्न घटक दलों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक और जदयू जिलाध्यक्ष मुजाहिद आलम ने की।
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता मनीष यादव ने 2025 के एनडीए के लक्ष्य को पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार में किए गए विकास कार्यों और अल्पसंख्यक कल्याण की योजनाओं का उल्लेख किया।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता अनामिका पासवान ने कहा कि यह सम्मेलन एनडीए कार्यकर्ताओं की एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने बिहार में सुशासन की स्थापना और केंद्र सरकार की किशनगंज के विकास के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
चिराग पासवान हमेशा से ही बिहारी के लिए तत्पर है- मो. शकील हाशमी
हम पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद शकील हाशमी ने बताया कि 2025 के जनवरी से बगहा से शुरू हुए कार्यकर्ता सम्मेलन की श्रृंखला में यह एक महत्वपूर्ण कड़ी है। लोजपा के प्रदेश प्रवक्ता निशांत मिश्रा ने चिराग पासवान के नेतृत्व में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में हुई प्रगति का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि नए बजट में बिहार में फूड प्रोसेसिंग इंस्टीट्यूट और मखाना अनुसंधान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मोहम्मद शकील हाशमी ने कहा कि मेरे नेता चिराग पासवान हमेशा से ही बिहारी के लिए तत्पर है। उनका विजन है कि बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट निश्चित तौर पर कामयाब होगा।
बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष मुजाहिद आलम,वरीय जदयू नेता बुलंद अख्तर हाशमी,भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह, हम जिलाध्यक्ष डॉक्टर शाहजहां, लोजपा जिलाध्यक्ष हबीबुर्रहमान, रालोमा के जिलाध्यक्ष मुख्तार आलम, पूर्व मंत्री नौशाद आलम, कमाल अंजुम आदि मौजूद थे।
