कटिहार-मालदा रेल खंड के कुमेदपुर रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में प्राथमिक विद्यालय के एक शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बारसोई काजिटोला निवासी तबरेज अंजुम(42) उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। दरअसल मृतक वर्तमान में कोढ़ा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय नक्कीपुर में 2010 से शिक्षक के रूप में कार्यरत थे और कटिहार के बुद्धू चौक में रह रहे थे।

दरअसल रविवार की शाम तबरेज बालुरघाट से इंटरसिटी एक्सप्रेस में सवार होकर अपने घर बारसोई जा रहे थे। जहां कुमेदपुर स्टेशन पर ट्रेन का नियमित ठहराव नहीं होने के कारण, जब ट्रेन धीमी हुई, तभी वो उतरने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान वे पोल से टकराकर ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।

मृतक तबरेज अंजुम की फाइल फोटो।
घटना की सूचना मिलते ही कटिहार आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए मालदा के सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

ठहराव की मांग को लेकर हुआ था धरना-प्रदर्शन

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बड़े स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर एक महीने पहले 60 दिनों तक धरना-प्रदर्शन भी किया गया था। रेलवे अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिसके कारण ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

घटना को लेकर जताई चिंता

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि वे एक मिलनसार और अनुभवी शिक्षक थे, जो छात्रों की शिक्षा और विद्यालय के विकास के लिए समर्पित थे। वे विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं।

बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मो. तमिजुद्दीन ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है।