कटिहार में महागठबंधन ने दी आंदोलन की चेतावनी, बोले-योगदानकर्ताओं को नहीं भुलाया जा सकता
कटिहार में 29 जनवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे से पहले महागठबंधन ने अल्पसंख्यक छात्रावास में हो रहे कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा कर दिया है। पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री रामप्रकाश महतो सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राजेंद्र आश्रम में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि छात्रावास के शिलापट्ट से तत्कालीन अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मरहूम मंसूर आलम का नाम हटा दिया गया है।
नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के विकास कार्यों पर कोई सवाल नहीं है। लेकिन जिन लोगों ने छात्रावास की नींव रखी, जमीन दान दी और कमेटी में योगदान दिया, उनके योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। महागठबंधन नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी लोगों के नाम शिलापट्ट पर दर्ज किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अल्पसंख्यक छात्रावास में कंप्यूटर लैब सहित कई सुविधाओं का उद्घाटन किया जाना है।
