किशनगंज में 6 फरवरी को होने वाले एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियां जोरो पर हैं। शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम खगड़ा में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में गठबंधन के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की पुष्टि हुई है। जदयू जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक मुजाहिद आलम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई।

 

सम्मेलन में जदयू प्रदेश अध्यक्ष और बिहार राज्य कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष उमेश कुशवाहा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल तथा लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। JDU के 5000 कार्यकर्ता होंगे शामिल तैयारी बैठक में पूर्व मंत्री नौशाद आलम सहित विभिन्न विधानसभा प्रभारी और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिलाध्यक्ष मुजाहिद आलम ने बताया कि गठबंधन के शीर्ष नेतृत्व में कार्यक्रम की जिम्मेदारी जदयू को दी गई है। उन्होंने दावा किया कि अकेले जदयू से 5000 से अधिक कार्यकर्ता इस सम्मेलन में शामिल होंगे, जो इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।