मिथिला में देवघर के नाम से ख्याति प्राप्त कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में शिव भक्तों का उमरा जन सैलाब

 कुशेश्वरस्थान दरभंगा /

देवघर के नाम से ख्याति प्राप्त कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में सावन माह के दूसरे सोमवरी को जलाभिषेक करने वाले शिव भक्तों का भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कुशेश्वर नाथ महादेव को जलाभिषेक कर पूजा अर्चना किया और अपने स्वजनों के सुख समृद्धि का कामना किया। इस दौरान शिव भक्तों की भीड़ और आस्था से शिव नगरी में पुरे दिन शिवमय बना रहा। श्रद्धालुओं के हर हर महादेव और बोलबम-बोलबम के जयकार से मंदिर का क्षेत्र गुंजता रहा। अहले सुबह मुख्य पुजारी एवं पंडा समाज के सरकारी पूजा एवं आरती सम्पन्न होने के साथ लगभग चार बजे गजेन्द्र नारायण सिंह धर्मशाला के मुख्य द्वार एवं गर्भगृह का पट आम श्रद्धालुओं के पूजा अर्चना के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही जयकारों के उदघोषणा के साथ श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने का दौर शुरू हो गया। अनुमंडल प्रशासन के आदेश के मुताबिक पूर्व निर्धारित स्थलों पर तैनात दंडाधिकारी के नेतृत्व में सुरक्षा बल की कड़ी निगरानी में शिव भक्तों ने देर शाम तक जलाभिषेक किया। इस बीच दोपहर 12 बजे में आधा घंटा के लिए भोलेनाथ के दोपहर के भोग एवं विश्राम के लिए गर्भगृह का पट बंद रखा गया। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने स्वयं मंदिर के गर्भ गृह की कमान संभाल रहे थे। वहीं पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश कुमार राम मंदिर परिसर में डटे रहे। थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह शिवगंगा से लेकर बाजार के विभिन्न चौक,मुख्य सड़क और यात्रियों के मार्ग पर लगातार निगरानी कर दंडाधिकारी के नेतृत्व में तैनात पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दे रहे थे। वही स्वास्थ्य टीम के चिकित्सक भी अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर चिकित्सीय सेवा देने के लिए तत्पर दिखे। सीमावर्ती जिला समस्तीपुर,मुजफ्फरपुर,सीतामढ़ी,मधुबनी एवं सहरसा के अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी शिवभक्तों ने आकर कुशेश्वर नाथ महादेव को दर्शन पूजन किया। कुशेश्वरस्थान फुलतोड़ा सड़क के चालू होने से खगड़िया,मुंगेर,भागलपुर,कटिहार और पूर्णिया जिला से भी भारी संख्या में श्रद्धालु आकर जलाभिषेक एवं दर्शन पूजन किया। सभी प्रकार के भारी वाहनों को सतीघाट से आगे बढ़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। वहीं टेम्पो और बाइक को पांडों स्कूल से आगे बढ़ने पर रोक लगी थी। जिससे पांडों से मंदिर तक तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी में शिव भक्तों को कड़ी परीक्षा देनी पड़ी। जलाभिषेक करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सेवा के लिए पांडों स्कूल के निकट दिनमो पंचायत के समिति सदस्य के प्रतिनिधि अशोक कुमार यादव के निजी खर्च पर तथा बाबा कुशेश्वर सेवा समिति के तत्वावधान में शिविर लगाया गया था। जहां जरूरतमंद श्रद्धालु को मुफ्त ठंडा पानी, शर्वत,चाय,बिस्कुट एवं चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराए गए। वहीं दूसरी ओर कुशेश्वरस्थान प्रखंड के नारायणपुर डाबर,नारायणपुर घाट,सोहरबा,सतीघाट भूतनाथ महादेव,पिड़ोरी, हरिनगर,आसो तथा कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के तिलकेश्वर,सलमगढ़,समौरा,अरथुआ शिव मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।