जतुका पैकटोल पंचायत में बांस की फट्टी पर किए जा रहे नाला ढ़क्कन निर्माण का लोगों ने किया विरोध

दरभंगा /मनीगाछी

प्रखंड क्षेत्र की जंतुका पैकटोल पंचायत के बेलाही में पानी की निकासी के लिए गुणवत्ता विहीन बनाए जा रहे नाला के ढ़क्कन निर्माण का स्थानीय कुमर यादव ,मो दानिश,मो आजाद, अमरेन्द्र यादव सहित अन्य लोगों ने विरोध किया है। ज्ञात हो कि 170 फीट लंबा इस नाला का निर्माण पंचायत के षष्ठम मद से किया जा रहा है, जिसकी प्राक्कलित राशि 3 लाख 49 हजार 800 है।आम जनों की सुरक्षा को लेकर नाला के ऊपर ढ़क्कन लगाने का प्रावधान शामिल है लेकिन घटिया पूर्ण निर्माण कार्य से लोगों की सुरक्षा संदिग्ध बन गई है। बताया जाता है कि लोहे के सरिया की जगह बांस की फट्टी पर ढ़लाई कार्य किया जा रहा है।इस योजना स्थल पर इसके अभिकर्ता पंचायत सचिव द्वारा बोर्ड भी नहीं लगाया गया है जो नियम के प्रतिकूल है।इस संबंध में पंचायत के मुखिया बिजली पासवान ने कहा कि प्राक्कलन के विपरीत किए जा रहे निर्माण कार्य की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।इस संबंध में बी डी ओ अनुपम कुमार ने बताया कि इसकी जांच होनी चाहिए और ऐसे लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।