मधुबनी में जिला पदाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने शहर में यातायात व्यवस्था को ठीक करने और महत्वपूर्ण सड़कों से अतिक्रमण हटाने को लेकर मेयर, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त सहित सभी कई पदाधिकारियों के साथ बैठक किया। बैठक में कई महत्वपूर्ण सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर निर्णय लिया गया। जहां अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था की समस्या है।
थाना मोड़ से बाटा चौक होते हुए शंकर चौक, थाना मोड़ से गिलेशन होते हुए गांधी चौक और सप्ता तक, शंकर चौक से आरकेकॉलेज तक, चौभच्चा चौक से बबुना मोड़ और कोतवाली चौक से दरगाह तक आदि महत्वपूर्ण सड़कों से बिना देरी किए अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया। जिला पदाधिकारी ने स्टेडियम रोड को अविलंब मोटरेबुल करने के लिए पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया।
उन्होंने आगे पंडौल से रामपट्टी बाइपास सड़क के निर्माण में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। रामपट्टी से राजनगर सड़क के निर्माण के लिए शीघ्र सभी आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पथ निर्माण विभाग को कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश भी दिया। 13 नंबर गुमटी पर आरओबी निर्माण के लिए जिला विकास शाखा को पथ निर्माण विभाग और रेलवे से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई करने की बात भी कही। जिलाधिकारी ने स्टेडियम रोड को तत्काल मोटरेबुल करने का निर्देश दिया है।

इसके अलावा किरण चौक से स्टेशन तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा है। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त और एसडीओ को लगातार अतिक्रमण अभियान चलाते रहने का निर्देश दिया ताकि शहर की यातायात व्यवस्था ठीक रहे। बैठक में मेयर अरुण राय, उप विकास आयुक्त दीपेश कुमार, एडीएम शैलेश कुमार, नगर आयुक्त अनिल चौधरी, एसडीओ अश्वनी कुमार, डीपीआरओ परिमल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा हेमंत कुमार, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग, सहायक अभियन्ता नगर विकास आदि मौजूद थे।