बारिश होने से झूम उठे किसान ,होगी नई फसलों की खेती।

दरभंगा /मनीगाछी

गत दो दिनों से हुई बारिश से एक ओर जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं दूसरी ओर किसानों के चेहरे पर खुशी देखी जा रही है।धान की खेती के लिए उपयुक्त आर्द्रा नक्षत्र की खेती किसानों के लिए सबसे अच्छी मानी जाती है। स्थानीय प्रखंड के माउंबेहट गांव निवासी एवं किसान श्री से सम्मानित संजय कुमार झा पप्पू जी बतलाते हैं कि इस बारिश से सबसे अधिक लाभ सिंचाई के लाभ से वंचित वैसे किसानों को मिला है जिनके पानी के अभाव में बिचड़े झुलस रहे थे। जिन्होंने समय-समय पर सिंचाई से बिचड़ों को बचाया है वैसे किसानों के लिए इस बारिश से अत्यधिक लाभ मिला है।गत 29 जून की रात से हुई बारिश के बाद रविवार को किसानों ने खेती की शुरुआत की है। स्थानीय किसान बतलाते हैं कि लगातार अनावृष्टि से पानी का जलस्तर नीचे चले जाने से खेतों में पानी का रुकना कठिन हो गया है फिर भी बारिश की आस में किसानों ने खेती करने की शुरुआत कर दी है। गंगौली के नीलांबर मिश्र एवं सीतांबर तथा नेहरा के कृष्णेश्वर चौधरी बतलाते हैं कि धान की खेती के लिए आर्द्रा नक्षत्र की बारिश सबसे उपयोगी मानी जाती है।इस नक्षत्र में की गई रोपनी से अच्छी पैदावार होने की उम्मीद रहती है। उन्होंने बताया कि इस बारिश में नीचे की जमीन में ही रोपनी संभव हो सकी है।
स्थानीय कृषि कार्यालय के सूत्र बताते हैं कि लक्ष्य के अनुरूप इस बारिश में महज एक से दो प्रतिशत उन्नतशील किसानों द्वारा ही रोपनी की गई है।उनका कहना है कि खेतों में नमी के अभाव के कारण धान के बिचड़ों के विकास नहीं होने से पहली बारिश में रोपनी में तेजी नहीं आई है। वैसे इस बारिश से किसानों में खुशियां देखी जा रही हैं।