राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम ने सभी थानाध्यक्षों के साथ किया बैठक।सभी नोटिसों का तामिला कराकर संबंधित न्यायालय में करें रिपोर्ट।

बिरौल/दरभंगा

राष्ट्रीय लोक अदालत के मद्देनजर अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम नरेश महतो ने सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक किया। उन्होंने कहा कि न्यायालयों द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में निष्पादन के लिए शमनीय वादों का चयन कर पक्षकारों को नोटिस जारी किया गया है। तत्परता से सभी नोटिसों का तामिला कराकर संबंधित न्यायालय में रिपोर्ट करें। नोटिस तामिला कराते समय पक्षकारों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दें। उन्हें बताये कि यह एक प्रकार से जन कल्याण के लिए आयोजित किया जाता है। इसमें पक्षकार आपसी सुलह समझौते से अपने वर्षों से लंबित चले आ रहे मुकदमे को एक ही दिन में खत्म करा सकते हैं। इससे उन्हें धन एवं समय की बचत होगी और आपसी भाईचारा भी बना रहेगा। एसीजेएम ने थानाध्यक्षों को एफआईआर, चार्जशीट, 156 (3) दप्रसं, वारंट आदि जैसे अन्य न्यायिक कार्यों के संबंध में भी दिशा निर्देश दिए। ज्ञात हो कि व्यवहार न्यायालय परिसर में 13 जुलाई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा जिसमें विभिन्न तरह के मामलों का निपटारा पक्षकारों के बीच समझौते के आधार पर किया जाएगा।