दरभंगा। लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन व वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के अवसर पर दरभंगा जिला में 13 मई 2024 को चतुर्थ चरण में दरभंगा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र एवं समस्तीपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र (आंशिक) तथा पंचम चरण में दिनांक 20 मई 2024 को मधुबनी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र (आशिक) भाग में मतदान निर्धारित है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने हेतु असमाजिक तत्वों के गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए नियंत्रित करने के लिए चेक पोस्ट स्थापित करते हुए बॉर्डर सीलिंग किया गया है। चेक पोस्ट के लिए निर्धारित किए गए स्थानों पर संबंधित अंचल अधिकारी द्वारा ड्रॉप गेट की व्यवस्था की गई है। वहीं प्रतिनियुक्त पुलिस बल द्वारा असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखते हुए उनकी गतिविधियों को पूर्णत: नियंत्रित रखने की कारवाई हो रही है। चेक पोस्ट से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की जांच करते हुए अवैध वाहन के परिचालन पर पूर्णत: रोक है। अवैध वाहनों को जप्त करने की कारवाई की जा रही है। मतदान के दिन वाहन परिचालन से संबंधित निर्गत आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। अनुमति प्राप्त वाहनो में अधिकतम पांच व्यक्ति (चालक सहित) बैठ सकते हैं। वाहनों के उपयोग हेतु अलग से परमिट निर्वाची पदाधिकारी के हस्ताक्षर से निर्गत होगा, जिसे वाहनों के विंडस्क्रीन पर मूल रूप में चिपकाना अनिवार्य है। अगर इन व्यक्तियों में से किसी व्यक्ति को यदि विधिवत सुरक्षा बल मिला हो तो वे भी वाहन में बैठ सकते हैं। कोई भी वाहन मतदाताओं को मतदान केन्द्रों पर वोट दिलाने के लिए ले जाने एवं ले आने के लिए उपयोग नहीं किया जाएगा। इन प्रावधानों के उल्लंघन की स्थिति में वाहन को जप्त कर उनके विरूद्ध सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत कारवाई की जाएगी। मतदान के दिन परमिट के बिना निम्नांकित वाहनों का परिचालन अनुमान्य है। अगर निजी वाहन मालिक के द्वारा अपने निजी कार्य के लिए वाहन का व्यवहार किया जा रहा हो तथा निर्वाचन से कतई संबंधित न हो, निजी वाहन के मालिक स्वयं एवं अपने परिवार के सदस्यों को मताधिकार के प्रयोग हेतु ले जाने के लिए मतदान केन्द्र की 200 मीटर की परिधि के बाहर तक जा सकते हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस वालों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मतदाता निर्भीक होकर अपना मतदान करें। क्यूआरटी टीम भी लगातार गस्त करती रहेगी। असामाजिक तत्वों पर जिला प्रशासन की पहली नजर रहेगी। मतदान में बाधा डालने वाले पर कठोर कारवाई की जाएगी।