दरभंगा : बहेड़ी थाना क्षेत्र के मखनाहा गांव में बुधवार की रात जन्मदिन की पार्टी की वीडियोग्राफी छोड़ घर चले गए कैमरामैन को बुलाकर गोली मार दी गई। घायल अवस्था में आरोपित उसे डीएमसीएच के इमरजेंसी गेट पर छोड़कर फरार हो गए। एक घंटे बाद स्वजन पहुंचे तब तक उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस में मामले में चिलहां गांव निवासी स्कार्पियो चालक गोलू चौधरी को गिरफ्तार किया है, उससे पूछताछ की जा रही है। गृहस्वामी व अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार है।

बताते हैं कि शराब के धंधे से जुड़ा राकेश सहनी अपनी बेटी के जन्मदिन की पार्टी में वीडियोग्राफी के लिए गांव के ही रामविलास सहनी के पुत्र कैमरामैन सुशील कुमार सहनी (22) को बुलाया था। रात करीब 12 बजे उसके कैमरे की बैट्री डिस्चार्ज हो गया। सुशील उसे चार्ज करने के लिए घर चला गया। राकेश सहनी ने फोन कर उसे घर से बुलाया। वीडियोग्राफी छोड़कर चले जाने के लिए गाली गलौज की। विरोध करने पर राकेश, कन्हैया सहनी, अरुण सहनी, मनीष सहनी आदि ने मारपीट की। इसके बाद राकेश ने सुशील के मुंह में पिस्टल घुसाकर फायरिंग की दी। लहूलुहान हालत में उसे स्कार्पियो से डीएमसीएच लाया।वहां इमरजेंसी के गेट पर छोड़कर सभी फरार हो गए। स्कार्पियो चालक गोलू खून से सने सुशील के शर्ट को खोलकर अपने साथ लेते गया। कुछ देर घायल कैमरामैन की मौत हो गई। वह अविवाहित था। वीडियोग्राफी का काम करने के अलावा स्नातक का छात्र भी था। मृतक के पिता रामविलास सहनी ने आरोप लगाया कि राकेश ने शराब धंधे से काफी संपत्ति अर्जित की है। उसके बारे में कई बार ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी। घटना के बाद गृहस्वामी घर में ताला लगाकर पूरे परिवार के साथ फरार हो गए। बहेड़ी थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी ने बताया कि गृहस्वामी की खोज में छापेमारी की जा रही है। मुख्य आरोपित के शराब धंधेबाज होने के बारे में छानबीन की जा रही है।