दरभंगा: मधुबनी जिले के अंधरामठ थाना क्षेत्र के तिलयुगा नदी में मिले अज्ञात महिला के शव का पोस्टमार्टम डीएमसीएच में किया गया। गुरुवार दोपहर जब करीब 50 घंटे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न हुई तब जाकर शव को लेकर पहुंचे चौकीदारों ने राहत की सांस ली। बताया जाता है कि 27 फरवरी को तिलयुगा नदी के किनारे एक महिला का शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर पहुंची अंधरामठ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। जहां सड़े-गले शव के पोस्टमार्टम की सुविधा नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने डीएमसीएच रेफर कर दिया। जिसके बाद 28 फरवरी को करीब 11 बजे अंधरामठ थाने के चौकीदार डोमी चौपाल, ललित साह और मनोज पासवान शव लेकर डीएमसीएच पहुंचे। फिर पोस्टमार्टम से पूर्व जब चिकित्सकों ने मजिस्ट्रेट के अनुमति पत्र की मांग की तो चौकीदारों ने नहीं होने की बात बताई। जिसके कारण चिकित्सकों ने अनुमति लाने का निर्देश दिया। जिसके बाद गुरुवार दोपहर दो बजे अंधरामठ थाने की पुलिस मजिस्ट्रेट का अनुमति पत्र लेकर आई तब पोस्टमार्टम की प्रक्रिया निष्पादित हुई। पोस्टमार्टम में देरी होने से तीनों चौकीदार परेशान दिखे और बताया कि दो रात से पोस्टमार्टम के इंतजार में बैठे रहे।