दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के इस्माइलगंज मुहल्ले के नोनिया टोल में एक युवक को पुरानी रंजिश में दनादन चाकू मारकर घायल कर दिया गया। गुरुवार सुबह हुए घटना के बाद स्वजन एवं मुहल्ले के लोगों ने घायल ललन महतो के पुत्र विक्की महतो को डीएमसीएच में भर्ती कराया। जहां लहुलुहान युवक को चिकित्सकों ने समुचित सर्जरी व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण पीएमसीएच रेफर कर दिया। अधिक रक्तस्राव होने से युवक की हालत नाजुक बताई जाती है। घायल के पिता ने बताया कि मुहल्ले के सुनील ठाकुर के साथ बेटे की मित्रता थी। जो दुश्मनी में बदल गई। छह माह पहले भी झगड़ा हुआ था। जिसे सूचना पर पहुंची 112 की पुलिस ने शांत करा दिया। उसी मामले को लेकर गुरुवार को घर के आगे ब्रश कर रहे मेरे बेटे विक्की पर आरोपित ने तारालाही निवासी बहनोई के साथ मिलकर हमला बोल दिया। इस दौरान चाकू लगने उसकी हालत गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी लहेरियासराय थाने को दी गई है।
