जलापूर्ति पाइप लाइन के लिकेज से क्षतिग्रस्त सड़क गढ्ढे में हुआ तब्दील,क्षतिग्रस्त सड़क से गुजरने वाले बाइक व साइकिल सवार दुर्घटना का हो रहे शिकार, विभाग कुंभकर्णी निंद्रा में।

बिरौल/दरभंगा

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से जलापूर्ति के लिए लगाए गए पाइप लिकेज हो जाने से बिरौल-बलिया मुख्य सड़क दर्जनों जगह पर गढ्ढा में तब्दील हो गया है। सड़क क्षतिग्रस्त हो जाने से इस मार्ग होकर गुजरने वाले खासकर बाइक व साइकिल सवार यात्रियों को दुर्घटना का शिकार होना पड़ रहा है। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि बाइक व साइकिल सवार को सड़क के गढ्ढे का अंदाजा नहीं रहने के कारण वह दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसकी सूचना देने के बावजूद विभाग के अधिकारी सुनने का नाम नहीं ले रहे हैं। जलापूर्ति पाइप से लिकेज हो रहे पानी से गढ्ढा नुमा क्षतिग्रस्त सड़क पर आमजनों के साथ हो रहे कठिनाई को देखते हुए नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद अख्तर शंहशाह ने कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग डिवीजन दरभंगा को पत्र लिखा है। जिसमें उपमुख्य पार्षद ने कहा है कि नगर पंचायत के अंतर्गत सुपौल में पीएचईडी के द्वारा पानी टंकी का निर्माण किया गया है। जिससे कुछ क्षेत्रों समय-समय पर जलापूर्ति कराया जाता है।जिसका जलापूर्ति पाइप कई जगहों पर पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे दर्जनों जगहों पर अत्यधिक जल जमा होने के साथ ही सड़क क्षतिग्रस्त हो रहा है। उपमुख्य पार्षद अख्तर शहंशाह ने विभागीय कार्यपालक अभियंता को पत्र के माध्यम से जलापूर्ति क्षतिग्रस्त पाइप का मरम्मत कराने का आग्रह किया है। उपमुख्य पार्षद ने बताया कि पत्र लिखने के बाद भी इस महत्वपूर्ण समस्या को संबंधित अधिकारी अगर संज्ञान में नहीं लेंगे तो विभाग के विरुद्ध धरना प्रदर्शन किया जायेगा।