दरभंगा /

दरभंगा जिला के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएमपी 13के निकट बाजीतपुर स्थित महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान में नॉर्दर्न सहोदय स्कूल्स काॅम्पलेक्स मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण का विषय “राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020” था जबकि साधनसेवी के रूप में होली क्राॅस स्कूल, दरभंगा के शिक्षक मुनीर आलम थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ प्रभा मल्लिक, प्रभारी प्राचार्य अशोक राय एवं अजय झा, कोऑर्डिनेटर श्रावणी शिखा एवं साधनसेवी मुनीर आलम के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों के द्वारा साधनसेवी और प्रशिक्षणार्थियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत की गई।

साधनसेवी मुनीर आलम को विद्यालय के उप प्राचार्य अशोक राय ने मिथिला परंपरानुसार पाग चादर एवं मोमेंटो से सम्मानित किया। साथ ही उपस्थित सभी साथियों का अभिनन्दन करते हुए अपने स्वागत उद्बोधन में उप प्राचार्य अशोक राय ने सभी शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के अनुरूप खुद को तैयार करने हेतु निरंतर कार्यशाला में शामिल होने के लिए उत्प्रेरित किया।

साधनसेवी मुनीर आलम ने सुगमता से विषय प्रवेश कराते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के तहत होने वाले बदलावों की बारीकियों को बहुत ही सहज भाव से प्रशिक्षणार्थियों को समझाया। प्रशिक्षण को मनोरंजक बनाने हेतु कई प्रकार की गतिविधियों को करवाया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पूरी तन्मयता के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 के अनुरूप स्वयं को तैयार करने हेतु तत्पर दिखे।

कार्यशाला में महात्मा गाँधी शिक्षण संस्थान, वाजितपुर एवं गाँधी शिक्षण संस्थान, शुभंकरपुर के 93 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अजय झा द्वारा किया गया। कार्यशाला के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक राजीव कुमार एवं संजीव कुमार, कोऑर्डिनेटर श्रावणी शिखा, संजय कुमार राय सहित सभी शिक्षकेत्तर का सहयोग सराहनीय रहा।

विद्यालय की शिक्षिका कविता पटेल के संयोजन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के केन्द्र निदेशक विद्यालय के चेयरमैन हीरा कुमार झा थे।