जन संवाद के माध्यम से पदाधिकारियों ने लोगों को सरकार के योजनाओं की दी जानकारी, भवानीपुर पंचायत के नवटोल में आयोजित किया गया कार्यक्रम।

बिरौल / दरभंगा

प्रखंड के भवानीपुर पंचायत के नवटोल गांव के समुदायिक भवन में जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत के मुखिया पूजा कुमारी ने की। जन संवाद को संबोधित करते हुए बीडीओ प्रेमसागर मिश्र ने कहा कि प्रखंड के सभी पंचायतों को लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत ओडीएफ घोषित होने के बाद द्वितीय चरण में स्वच्छ, समृद्ध व स्वस्थ गांव के अंतर्गत गांवों को कचरा मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। बीडीओ ने प्लास्टिक से कचरे को रिसाइकलिंग करके पथ निर्माण कार्य में उपयोग करने एवं गीले कचरा से जैविक खाद बनाने की बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना की चर्चा करते हुए कहा कि शुद्ध पेय-जल नली-गली पक्कीकरण के तहत गावों का विकास किया जा रहा है। प्रखंड जीविका प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा ने जीविका की ओर से संचालित सतत् जीवीकोपार्जन योजना के लाभार्थी रेणु देवी ने जीविका से जुड़ने की बदहाल स्थिति, तथा जुड़ने के बाद रोजगार से जुड़कर अपनी खुशहाली स्थिति का वर्णन किया।उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से दीदीयां आर्थिक, सामाजिक, एवं सांस्कृतिक रूप से सशक्त हुई है एवं रोजगार कर गरीबी के कुचक्र से आगे बढ़ी है।उन्होंने लोगो से अभी तक जीविका से वंचित परिवारों को जीविका से जोड़वाने जन जन तक जागरुकता हेतु आगे आने की अपील की।सीओ विमल कुमार कर्ण ने भू-अभिलेखों के डिजिटाइलेशन व ऑनलाइन रसीद कटाने व खतियान डाउनलोड करने की सुविधाओं से लोगों को अवगत कराया। सीओ ने भूमिहीनों को बसने के लिए 5 डिसमिल जमीन मुफ्त में दिलाने के संबंध में लोगों को बताया। मौके पर सीडीपीओ डॉ.सुनीता कुमारी,प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.योगेन्द्र प्रसाद यादव सहित कई विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पंचायत के दर्जनों लोग उपस्थित थे।