दरभंगा ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने बिरौल थाना में किया जनसंवाद,ठंड में गृह भेदन रोकने और नशे के खिलाफ जन-प्रतिनिधियों से कहा पुलिस को दें सूचना

दस्तक 7 मिडिया उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

 दरभंगा जिला में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद यह पहला अवसर है जब ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने बिरौल थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने आम जनता और स्थानीय जन-प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनके क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

इस दौरान एसपी ने एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी और प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार से कार्रवाई करने को कहा। जनसंवाद के दौरान ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने आगामी ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए चोरों और अपराधियों द्वारा होने वाली गृह भेदन (चोरी/सेंधमारी) की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कोई गृहस्वामी किसी जरूरी काम से अपने घर से बाहर जा रहे हैं, तो इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को अवश्य दें, ताकि उस क्षेत्र में पुलिस गश्त और चौकसी बढ़ाई जा सके और आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। एसपी ने खास तौर पर जन-प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए युवाओं में तेजी से बढ़ रहे नशापान के खिलाफ पुलिस को सहयोग करें। उन्होंने कहा कि समाज को इस कुप्रथा से बचाने के लिए पुलिस और जनता का समन्वय बेहद जरूरी है। जनसंवाद के दौरान स्थानीय लोगों और जन-प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं से ग्रामीण एसपी को अवगत कराया। जिसमें नगर पंचायत के मुख्य पार्षद विनोद सहनी उर्फ ‘बम्पर’ ने बस स्टैंड और अन्य प्रमुख जगहों पर बसों, ऑटो और अन्य वाहनों द्वारा की जा रही अवैध पार्किंग का मुद्दा उठाया। उन्होंने दीपावली से लेकर लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा तक बाजार क्षेत्रों में लगने वाली गंभीर जाम की समस्या से एसपी को अवगत कराते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। बैठक में मौजूद आम लोगों और जन-प्रतिनिधियों और महिलाओं ने खुलकर अपनी पीड़ा रखी। उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का खुलेआम जमावड़ा से अवगत कराया।लोगों ने आरोप लगाया कि इन गंभीर मामलों की सूचना जब डायल 112 पर दी जाती है, तो पुलिस द्वारा कोई संज्ञान नहीं लिया जाता है, जिससे अपराधियों और नशेड़ियों के हौंसले बुलंद हैं। एसपी साक्षी कुमारी के जनसंवाद में आम,खास और महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।