27 अक्टूबर को विधान परिषद चुनाव की मतगणना, दरभंगा में निषेधाज्ञा लागू; 200 गज के दायरे में भीड़ पर रोक,

खेल भवन-सह-व्यायामशाला, लहेरियासराय में सुबह 8 बजे से होगी गिनती, विजय जुलूस और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध

दस्तक 7 मीडिया / दरभंगा

दरभंगा। बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 अक्टूबर को लहेरियासराय स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला में सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत मतगणना केंद्र और उसके आसपास निषेधाज्ञा लागू की है।

जारी आदेश के अनुसार, 27 अक्टूबर को सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक केंद्र के चारों ओर 200 गज की परिधि में अनावश्यक भीड़ जुटाने और मजमा लगाने पर रोक रहेगी। इस दौरान अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने तथा विस्फोटक पदार्थ रखने पर भी प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा-223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

विजय जुलूस पर रोक, अनधिकृत वाहन भी नहीं जा सकेंगे

मतगणना केंद्र के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर रोक लगाई गई है। परिणाम घोषित होने के बाद भी विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। अधिकृत वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का मतगणना केंद्र परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, अधिकृत व्यक्तियों को छोड़कर किसी को भी मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा, वायरलेस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

मतगणना की गोपनीयता बनाए रखने के लिए निर्वाचन से संबंधित ऐसे कागजात प्रदर्शित करने पर भी रोक रहेगी, जिनसे गोपनीयता भंग होने की आशंका हो। सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति मतगणना अभिकर्ता नहीं बन सकेंगे। हालांकि, शासकीय कार्य में तैनात दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों, मतगणना कर्मियों तथा आपातकालीन सेवाओं को नियमानुसार छूट दी गई है। धार्मिक परंपराओं के तहत धारण किए जाने वाले कृपाण आदि के संबंध में भी आदेश में अपवाद का प्रावधान है।

पर्यवेक्षकों और सहायकों को दिया गया प्रशिक्षण

मतगणना की तैयारियों के तहत रविवार को दरभंगा के प्रेक्षागृह में मतगणना पर्यवेक्षकों एवं सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया। निर्वाची पदाधिकारी सह प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मतपेटियों से मतपत्र निकालने, उनकी व्यवस्थित गणना करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कर्मियों को मतगणना के प्रत्येक चरण में सावधानी, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों ने कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

डीएम और एसएसपी ने कंट्रोल रूम का लिया जायजा

मतगणना के सफल संचालन और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए खेल भवन के बाहर बनाए गए कंट्रोल रूम का भी जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां प्रतिनियुक्त कर्मियों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रशासन ने लहेरियासराय, बहादुरपुर, नगर, बेता, विश्वविद्यालय एवं कोतवाली थानाध्यक्षों सहित संबंधित दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को निषेधाज्ञा का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया है। मतगणना के दौरान सुरक्षा, यातायात और विधि-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।