दरभंगा में मद्यनिषेध विभाग ने दो जब्त बाइक की कराई नीलामी, 16,150 रुपये राजस्व मिलने की उम्मीद,

शराबबंदी कानून के तहत राज्यसात वाहनों का नियमानुसार निष्पादन, सार्वजनिक नीलामी से सरकारी खजाने में आएगी राशि

दस्तक 7 मीडिया | दरभंगा।

दरभंगा में शराबबंदी कानून के तहत जब्त किए गए वाहनों के निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में शनिवार, 24 अक्टूबर को मद्यनिषेध विभाग की ओर से दो जब्त मोटरसाइकिलों की सार्वजनिक नीलामी कराई गई। इस नीलामी से सरकारी खजाने में लगभग 16 हजार 150 रुपये राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 तथा इसके संशोधित प्रावधानों के तहत जब्त किए गए और समाहर्ता न्यायालय, दरभंगा द्वारा राज्यसात वाहनों की नीलामी जिला वाहन नीलामी समिति के माध्यम से कराई गई।

उन्होंने बताया कि नीलामी की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी व्यवस्था के तहत संपन्न हुई। नीलामी से प्राप्त होने वाली राशि नियमानुसार सरकारी राजस्व में जमा की जाएगी।

जब्त वाहनों के निपटारे की प्रक्रिया जारी

सहायक आयुक्त के अनुसार, मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत जब्त एवं राज्यसात वाहनों का नियमानुसार निष्पादन करने के लिए समय-समय पर सार्वजनिक नीलामी आयोजित की जाती है। इससे जब्त वाहनों का कानूनी प्रक्रिया के तहत निपटारा होने के साथ सरकार को राजस्व भी प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन पर रोक लगाने के लिए मद्यनिषेध विभाग एवं पुलिस विभाग लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। इसके साथ ही जब्त वाहनों के निष्पादन की प्रक्रिया भी जारी है।