घनश्यामपुर में अंधेरे में मतदान, मोबाइल की टॉर्च जलाकर कतार में खड़े रहे मतदाता,शाम तक करीब 200 मतदाता लाइन में, रोशनी-पानी और छाया की व्यवस्था नहीं होने पर जताई नाराजगी

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।

घनश्यामपुर प्रखंड में बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान मतदान केंद्र पर अव्यवस्था का मामला सामने आया है। देर शाम तक मतदान जारी रहने के बावजूद केंद्र पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरा होने के बाद लोग मोबाइल की टॉर्च जलाकर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
कांग्रेस के पोलिंग एजेंट दिलीप कुमार झा ने बताया कि सुबह से ही मतदाताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, दिन में तेज धूप से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था नहीं थी और पीने के पानी का भी इंतजाम नहीं किया गया था। महिला मतदाताओं को शौचालय की सुविधा नहीं मिलने से परेशानी हुई।
उन्होंने कहा कि शाम में अंधेरा होने के बाद भी मतदान केंद्र पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं की गई। शाम करीब 6:30 बजे तक लगभग 200 मतदाता कतार में खड़े थे। ऐसे में लोगों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा था।
दिलीप कुमार झा ने मतदान कर्मियों और पोलिंग एजेंटों की सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान कर्मियों के बैठने और आराम करने के लिए पर्याप्त कुर्सी, टेबल, कंबल और गद्दे उपलब्ध नहीं कराए गए थे। पोलिंग एजेंटों के लिए भी बैठने की व्यवस्था नहीं थी।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारी को फोन कर जानकारी दी गई थी। इसके बाद पांच कुर्सियां उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि मतदान जैसे महत्वपूर्ण कार्य में प्रशासन को पहले से ही सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए थी। खबर लिखे जाने तक मतदान कार्य जारी था।