मतगणना की तैयारी पर डीएम सख्त, खेल भवन में सुरक्षा से लेकर बिजली तक की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश, बज्रगृह और मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, मतपेटिकाओं के संग्रहण के लिए बनेगा नियंत्रण कक्ष; वाहनों के प्रवेश और निकास का मार्ग होगा अलग-अलग
मतगणना की तैयारी पर डीएम सख्त, खेल भवन में सुरक्षा से लेकर बिजली तक की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश, बज्रगृह और मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, मतपेटिकाओं के संग्रहण के लिए बनेगा नियंत्रण कक्ष; वाहनों के प्रवेश और निकास का मार्ग होगा अलग-अलग
मतगणना की तैयारी पर डीएम सख्त, खेल भवन में सुरक्षा से लेकर बिजली तक की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश,
बज्रगृह और मतगणना स्थल का किया निरीक्षण, मतपेटिकाओं के संग्रहण के लिए बनेगा नियंत्रण कक्ष; वाहनों के प्रवेश और निकास का मार्ग होगा अलग-अलग
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी कौशल कुमार ने खेल भवन स्थित बज्रगृह और मतगणना स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मतगणना से जुड़ी सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतगणना कक्षों, उपलब्ध स्थान, प्रवेश एवं निकास मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतगणना के दिन प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों, कर्मियों और अधिकृत व्यक्तियों के आवागमन को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया, ताकि मतगणना कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
मतपेटिकाओं के संग्रहण के लिए बनेगा नियंत्रण कक्ष
मतगणना के बाद मतपेटिकाओं की प्राप्ति और जमा करने की प्रक्रिया को लेकर भी डीएम ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित रिसीविंग काउंटर पर जरूरी संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मतपेटिकाओं के संग्रहण एवं प्राप्ति की प्रक्रिया सुचारु रखने के लिए नियंत्रण कक्ष गठित करने तथा संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य मतगणना के बाद मतपेटिकाओं को जमा करने के दौरान अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से रोकना है।
वाहनों के प्रवेश और निकास का होगा अलग रास्ता
मतगणना स्थल पर यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। डीएम ने वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित मार्गों को स्पष्ट करने तथा प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। योजना के अनुसार, वाहनों के प्रवेश के लिए निर्धारित मार्ग का उपयोग होगा, जबकि निकास की व्यवस्था पोलो मैदान की ओर से रखने की योजना है। प्रशासन को निर्देश दिया गया कि मतगणना के दिन अनावश्यक भीड़ और जाम की स्थिति न बने तथा आवागमन सुचारु बना रहे।
बिजली बाधित होने पर जनरेटर से होगा काम
मतगणना कार्य में प्रतिनियुक्त माइक्रो ऑब्जर्वर और अन्य कर्मियों की सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित सहायक अभियंताओं को दूरभाष, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में मतगणना कार्य प्रभावित नहीं हो, इसके लिए जनरेटर की व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस बल के लिए अलग टेंट लगाने और जरूरत के अनुसार शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप होगी तैयारी
डीएम ने मतगणना टेबलों की संख्या और मतगणना प्रक्रिया के संचालन से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की पूर्व जांच करने तथा संबंधित पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
अब निगाहें 23 अक्टूबर की मतगणना पर:
स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है। ऐसे में मतगणना स्थल पर सुरक्षा, बिजली, यातायात, कर्मियों की सुविधाओं और मतपेटिकाओं के सुरक्षित संग्रहण की व्यवस्था को समय रहते पूरा करना जिला प्रशासन के लिए अहम है।
सुरेंद्र ठाकुर हत्याकांड की गुत्थी उलझी, जमीन विवाद से लेकर घर के अंदर की भूमिका तक की जांच सिर के जख्म, बरामद गोली और परिजनों के बयानों में विरोधाभास से बढ़ा पुलिस का संदेह
जमीन की कीमत तय करने की प्रक्रिया में आएगी एकरूपता, डीएम ने दिए निर्देश, नवगठित नगर निकायों के वार्डों और परिधीय क्षेत्रों की तैयार होगी सूची, सड़कों के वर्गीकरण पर भी जोर