अम्बिका ज्वैलर्स से 18 लाख के आभूषण गायब, तीन दुकानों की रेकी कर पहुंचे थे बदमाश! नवंबर 2022 में भी दुकान का शटर तोड़कर दो बार चोरी का प्रयास, अब तक नहीं हुआ था उद्भेदन; शिबू ठाकुर से 17 लाख की लूट में भी पुलिस के हाथ खाली
अम्बिका ज्वैलर्स से 18 लाख के आभूषण गायब, तीन दुकानों की रेकी कर पहुंचे थे बदमाश! नवंबर 2022 में भी दुकान का शटर तोड़कर दो बार चोरी का प्रयास, अब तक नहीं हुआ था उद्भेदन; शिबू ठाकुर से 17 लाख की लूट में भी पुलिस के हाथ खाली
अम्बिका ज्वैलर्स से 18 लाख के आभूषण गायब, तीन दुकानों की रेकी कर पहुंचे थे बदमाश!
नवंबर 2022 में भी दुकान का शटर तोड़कर दो बार चोरी का प्रयास, अब तक नहीं हुआ था उद्भेदन; शिबू ठाकुर से 17 लाख की लूट में भी पुलिस के हाथ खाली
सिंहवाड़ा/दरभंगा, संवाददाता।
सिमरी थाना क्षेत्र के सिमरी-तारालाही मार्ग स्थित अम्बिका ज्वैलर्स में दिनदहाड़े चकमा देकर करीब 18 लाख रुपये के सोने के आभूषण गायब करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 20 अक्टूबर की दोपहर हुई इस घटना में बदमाशों ने दुकानदार को आभूषण खरीदने के बहाने बातों में उलझाया और करीब 120 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना से पहले आरोपितों के तीन अन्य आभूषण दुकानों पर जाने की बात भी सामने आई है। इससे वारदात से पहले रेकी किए जाने की आशंका गहरा गई है।
दुकानदार संजय ठाकुर के आवेदन पर सिमरी थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय दुकान पर उनके भाई रघुवंश कुमार ठाकुर बैठे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति सोने की बाली खरीदने के बहाने दुकान में आया। उसने अलग-अलग डिजाइन दिखाने को कहा और बातचीत में उलझाए रखा। इसी बीच मौका पाकर काउंटर पर रखे सोने की चेन के नौ पीस वाला पैकेट तथा झुमका, नथिया, टीका और अंगूठी के पैकेट चुपके से अपनी जेब में रख लिए। इसके बाद वह दुकान से निकल गया।
तीन दुकानों पर जाने के बाद अम्बिका ज्वैलर्स पहुंचा था संदिग्ध
दुकानदार के मुताबिक, वारदात से पहले संदिग्ध सिमरी थाना के पास स्थित लालबाबू ज्वैलर्स और ठाकुर बर्तन भंडार के अलावा तेलियापोखर चौक स्थित सूरज ज्वैलर्स भी गया था। लालबाबू ज्वैलर्स के संचालक के पुत्र सुमन कुमार साह को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। वे इसकी जानकारी देने अम्बिका ज्वैलर्स पहुंचे, लेकिन तब तक संदिग्ध वहां से निकल चुका था।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध, बुलेट से भागने का आरोप
सीसीटीवी फुटेज में घटना के दौरान एक व्यक्ति दुकान के अंदर और दूसरा सड़क पर बाइक लगाकर खड़ा दिखाई दे रहा है। वहीं, एक अन्य साथी के बुलेट हंटर मोटरसाइकिल के साथ कुछ दूरी पर इंतजार करने की बात सामने आई है। वारदात के बाद तीनों के सिमरी चौक होते हुए एनएच-27 की ओर भागने की जानकारी दी गई है। फुटेज में बाइक का नंबर 1503 दिखाई देने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद रघुवंश कुमार ठाकुर और सुमन कुमार साह ने बदमाशों का एनएच-27 तक पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
2022 में भी दो बार चोरी का प्रयास, अब तक नहीं हुआ उद्भेदन
अम्बिका ज्वैलर्स में चोरी के प्रयास की यह पहली घटना नहीं है। बताया जाता है कि नवंबर 2022 में एक ही महीने के दौरान दुकान का शटर और ताला तोड़कर दो बार चोरी का प्रयास किया गया था। उस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद घटना का उद्भेदन नहीं हो सका। अब एक बार फिर इसी दुकान को निशाना बनाए जाने से पुलिस की पूर्व कार्रवाई और अपराधियों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इसी वर्ष एक जून को स्वर्ण व्यवसायी शिबू ठाकुर से करीब 17 लाख रुपये की लूट की घटना में भी पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिलने की बात सामने आ रही है। लगातार आभूषण कारोबारियों को निशाना बनाए जाने से स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस का दावा-सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही तकनीकी टीम
सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तकनीकी टीम की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने की बात कही।
अब सवाल यह है कि सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध बाइक के नंबर और घटना से पहले दुकानों पर हुई गतिविधियों के आधार पर पुलिस कितनी जल्दी आरोपितों तक पहुंचती है। साथ ही, वर्ष 2022 की घटनाओं और शिबू ठाकुर से हुई लूट के मामले में अब तक की कार्रवाई भी पुलिस की अपराध नियंत्रण क्षमता पर सवाल खड़े करती है।
कुशेश्वरस्थान बाजार में धूमधाम से हुआ माता रानी की प्रतिमाओं का विसर्जन, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
विधान परिषद चुनाव: दरभंगा में 23 अक्टूबर को सुबह 5 से शाम 6 बजे तक वाहनों के परिचालन पर रोक, मतदान केंद्र परिसर में मोबाइल ले जाने पर भी प्रतिबंध, मरीजों और आवश्यक सेवाओं को मिलेगी छूट