दशहरा पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने सड़क पर उतरे मिथिला क्षेत्र के डीआईजी ,डीएम और एसएसपी ,

पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की हुई औचक जांच

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दशहरा पर्व के अवसर पर शहरी क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र, जिलाधिकारी दरभंगा एवं वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा ने शहर के विभिन्न इलाकों तथा पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति की औचक जांच की। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारियों को अपने निर्धारित स्थल पर मुस्तैदी से उपस्थित रहने और समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कर अधिकारियों ने विधि-व्यवस्था से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

दशहरा के मद्देनजर प्रशासन का मुख्य जोर शहरी क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर रहा। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य सुरक्षा प्रबंधों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और ड्यूटी में तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देना था।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के साथ-साथ ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का निर्देश दिया गया, ताकि दशहरा पर्व के दौरान शहर में शांति एवं सौहार्द का माहौल कायम रहे।