सिमरी में दिनदहाड़े बड़ी वारदात, ज्वैलर्स को चकमा देकर 18 लाख के जेवरात ले उड़े बुलेट सवार बदमाश, इलाके में दहशत

दस्तक 7मीडिया /सिंहबाड़ा 

सिमरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। सिमरी तारालाही मुख्य मार्ग स्थित प्रतिष्ठित आभूषण दुकान अम्बिका ज्वैलर्स में मंगलवार को दिनदहाड़े ठगी की बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो शातिर बदमाश लगभग 120 ग्राम सोने के जेवरात, जिसकी बाजार कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है, लेकर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार संजय ठाकुर ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे की है। उस समय उनके भाई रघुवंश ठाकुर दुकान पर अकेले बैठे थे। इसी दौरान एक बुलेट बाइक पर दो युवक दुकान में ग्राहक बनकर घुसे। दोनों ने सोने की चैन और अन्य आभूषण खरीदने की इच्छा जताई। रघुवंश ठाकुर जैसे ही उन्हें जेवर दिखाने लगे, दोनों ने बड़ी चालाकी से उन्हें बातों में उलझा दिया। एक बदमाश दुकान के बाहर खड़ा था वही दूसरा जेवर के डिजाइन और कीमत के बारे में पूछता रहा मौका पाकर काउंटर पर रखे सोने के दो पैकेट, जिसमें कीमती चैन और अन्य जेवर थे चुपके से उठा लिए और बातों-बातों में दुकान से बाहर निकल गए।कुछ देर बाद जब रघुवंश ठाकुर ने जेवरों का मिलान किया तो दो पैकेट गायब मिले। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत अपने भाई और पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित दुकानदार से पूरी घटना की जानकारी ली और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ-साथ आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में बदमाशों की पहचान के लिए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। बुलेट बाइक के नंबर के आधार पर भी तलाश की जा रही है।