बेनीबाद थाना क्षेत्र में देशी शराब तस्करों का विरोध करने पर चाकू से जानलेवा हमला, एक घायल; आरोपी गिरफ्तार

दीपक कुमार/ गायघाट

गायघाट। बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा में देशी शराब के अवैध कारोबार का विरोध करने पर एक व्यक्ति पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में झोटी राय के पुत्र संतोष कुमार (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डोमा यादव को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार, देशी शराब के कारोबार का विरोध करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद संतोष कुमार पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना बेनीबाद पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए आरोपी डोमा यादव को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के द्वारा आवेदन मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।वहीं, गंभीर रूप से घायल संतोष कुमार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।