बिरौल अनुमंडल में शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने संभाली कमान

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

अनुमंडल क्षेत्र में दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सोमवार को महाष्टमी और महानवमी के अवसर पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों और प्रमुख मंदिर परिसरों का लगातार जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली। शिवनगर घाट स्थित एसएच-56 मुख्य मार्ग पर अवस्थित दुर्गा मंदिर परिसर में महानवमी के मौके पर महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अपार जनसैलाब को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम शशांक राज और एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने शिवनगर घाट पूजा स्थल पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान पूजा समिति द्वारा प्रवेश द्वार पर अव्यवस्थित तरीके से लगाई गई दुकानों को तत्काल प्रभाव से हटवाया गया। साथ ही, समिति और दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा अव्यवस्था फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े किए गए दोपहिया वाहनों के कारण लग रहे जाम को देखते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने खुद पहल कर वाहनों को हटवाया और सुगम यातायात बहाल किया।

क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष चन्द्र मणि भी अपनी टीम के साथ पूरी तरह सक्रिय दिखे। उन्होंने विभिन्न प्रमुख स्थानों और संवेदनशील बिंदुओं पर प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती का लगातार जायजा लिया और उन्हें हर स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।