महानवमी पर बालिका गृह पहुंचे डीएम कौशल कुमार, बच्चियों के चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद,

उपहार और चॉकलेट बांटे, बच्चियों के साथ बैठकर किया भोजन; सुरक्षा, साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता का भी लिया जायजा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

महानवमी के पावन अवसर पर दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार का एक अलग अंदाज देखने को मिला। स्थानीय वृहद आश्रय गृह स्थित बालिका गृह पहुंचे डीएम ने कन्या पूजन की परंपरा निभाते हुए वहां आवासित बालिकाओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके बीच उपहार और चॉकलेट बांटे। डीएम के इस आत्मीय व्यवहार से बालिका गृह का माहौल उत्साह और खुशियों से भर गया।

बालिका गृह पहुंचने पर बच्चियों ने चंदन लगाकर और पुष्प भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद डीएम ने बच्चियों के साथ समय बिताया और उनसे बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, दिनचर्या तथा अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। त्योहार की खुशियों को साझा करने के लिए बालिका गृह में विशेष भोज का आयोजन भी किया गया। जिलाधिकारी ने खुद बच्चियों के साथ बैठकर भोजन किया और उनके साथ महानवमी की खुशियां बांटीं।

बच्चियों की सुविधाओं और सुरक्षा का लिया जायजा

स्नेह और आत्मीयता के बीच जिलाधिकारी ने बालिका गृह की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना भी नहीं भूला। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आवासित बालिकाओं को बेहतर, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं पर निरंतर ध्यान दिया जाए।

डीएम को अपने बीच पाकर बच्चियां काफी प्रसन्न और उत्साहित नजर आईं। महानवमी के अवसर पर उपहार, चॉकलेट और विशेष भोज के साथ उनके बीच त्योहार की खुशियां साझा की गईं।

इस मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, डीसीएम रवि रंजन, बालिका गृह की अधीक्षिका कंचन झा सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।