डीएम-एसएसपी रात में उतरे सड़कों पर, पंडालों में औचक जांच; ड्यूटी में लापरवाही पर चेतावनी,

दुर्गा पूजा सुरक्षा का रियलिटी चेक: शहर के हर प्रमुख पंडाल में पहुंचा प्रशासन, अफसरों ने श्रद्धालुओं से भी की बातचीत 

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार की संध्या जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मैदान में नजर आया। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिसकर्मियों की औचक जांच करते हुए उन्हें समय पर और पूरी मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पूरी सक्रियता के साथ मौजूद रहें।
इधर, नगर पुलिस अधीक्षक ने भी सदर, बेंता और कोतवाली थाना क्षेत्रों के विभिन्न पूजा पंडालों का अलग से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी में लगे पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में लगातार गश्ती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पर्व मना सकें।
इस अवसर पर एसएसपी, ग्रामीण एसपी और नगर एसपी ने जिलेवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा मनाने की अपील की। उन्होंने अफवाहों से दूर रहने, प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह करते हुए सभी श्रद्धालुओं को नवरात्र और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।