बेनीबाद पुलिस की कार्रवाई:देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ औराई का बदमाश गिरफ्तार

तीन आपराधिक मामलों में रहा है आरोपित

दीपक कुमार/ गायघाट

 बेनीबाद थाना क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग के तहत पुलिस ने देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औराई थाना क्षेत्र के विकास कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 17 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बेनीबाद थाना क्षेत्र के रमौली चौक के पास एक अज्ञात अपराधी अवैध हथियार लेकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद बेनीबाद थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और विकास कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।
तीन मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ औराई थाना में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कांड संख्या 341/26 दर्ज है। इसके अलावा कटरा थाना में लूट से संबंधित कांड संख्या 210/26 तथा हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट से जुड़ा कांड संख्या 209/26 दर्ज है।
इस मामले में बेनीबाद थाना कांड संख्या 156/26 दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
बरामदगी: एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन।