दुर्गा पूजा में नशेड़ियों पर पुलिस का शिकंजा, औराही से तीन गिरफ्तार,

मंदिर-पंडालों में नशे की हालत में घूमने वालों को चेतावनी, उपद्रव किया तो जाना पड़ सकता है जेल

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने नशेड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के औराही गांव में छापेमारी कर नशे की हालत में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बलहा गांव निवासी प्रमोद पासवान (पिता स्वर्गीय नारायण पासवान), प्रद्युम्न सहनी (पिता लक्ष्मी सहनी) और जितेंद्र राय (पिता स्वर्गीय गंगा राय) के रूप में की गई है। तीनों दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बलहा गांव के निवासी बताए गए हैं। यह कार्रवाई कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस ने नशेड़ियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की।

पंडालों में नशे में घूमने वालों की खैर नहीं!

दुर्गा पूजा के दौरान मंदिरों, पूजा-पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नशे की हालत में पहुंचकर हंगामा करना भारी पड़ सकता है। पुलिस की नजर ऐसे लोगों पर है, जो नशे में धुत होकर श्रद्धालुओं को परेशान करते हैं या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।

जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी निगरानी कर रही है। ऐसे में उपद्रव करने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा। कानून के तहत कार्रवाई के साथ, परिस्थितियों और अपराध की प्रकृति के अनुसार, आरोपितों को जेल भी जाना पड़ सकता है।

सावधानी हटी तो कार्रवाई तय!

दुर्गा पूजा आस्था, श्रद्धा और आपसी सौहार्द का पर्व है। ऐसे में श्रद्धालुओं से अपील है कि नशे की हालत में पूजा-पंडालों में जाने और सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने से बचें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव की सूचना पुलिस को दें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

याद रखिए-सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी,इस कहावत को सुने होंगे ! त्योहार का आनंद लें, लेकिन कानून और दूसरों की आस्था का सम्मान करते हुये आनंद ले।