दुर्गा पूजा को लेकर घनश्यामपुर में पुलिस अलर्ट, 7 गांवों में निकाला फ्लैग मार्च

दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।


घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। इसी कड़ी में थानाध्यक्ष आलोक कुमार और अंचलाधिकारी अभिषेक सौरभ के नेतृत्व में मोटरसाइकिल से फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस-प्रशासन की टीम ने क्षेत्र के पाली, पोहदी बेला, तुमौल, जयदेवपट्टी, रसियारी, कुमई और शिवनगरघाट सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी भाईचारे के साथ दुर्गा पूजा मनाने का संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान सामाजिक सौहार्द बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस-प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।