शिक्षकों और शिक्षित वर्ग के हितों के प्रति हमेशा संवेदनशील रही है एनडीए सरकार, एमएलसी चुनाव को लेकर नेताओं ने तेज किया जनसंपर्क अभियान

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

आगामी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई है। एनडीए समर्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए कमर कस ली है। इसी क्रम में एनडीए के दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने धुआंधार जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के तहत प्रमुख नेताओं ने क्षेत्र के उच्च विद्यालयों, कॉलेजों और शिक्षित मतदाताओं से प्रत्यक्ष रूप से मुलाकात की। इस अभियान में मुख्य रूप सेभाजपा विधायक सुजीत कुमार,जदयू विधायक अतिरेक कुमार,जदयू प्रदेश महासचिव ललिता झा,राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि संजीव झा,जदयू युवा जिलाध्यक्ष, दरभंगा छेदी राय,जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजेश चौधरी शामिल हैं। इन सभी नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों के साथ विभिन्न शिक्षण संस्थानों और इलाकों का दौरा किया तथा मतदाताओं से एनडीए समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की। भ्रमण के दौरान एनडीए नेताओं ने शिक्षकों और शिक्षित वर्ग के मतदाताओं की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। नेताओं ने कहा कि “एनडीए सरकार हमेशा से शिक्षकों और शिक्षित वर्ग के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील रही है।” उन्होंने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और विधान परिषद में अपनी सशक्त आवाज को बुलंद करने के लिए एनडीए समर्थित प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य वोट दें, ताकि विकास की गति को और अधिक रफ्तार मिल सके।