दरभंगा में 15 अक्टूबर को लगेगा जॉब कैंप, 100 पदों पर होगी बहाली

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक पास युवाओं को मिलेगा मौका, 19 हजार रुपये प्रतिमाह सीटीसी वेतन

दरभंगा। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अवसर है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, दरभंगा की ओर से 15 अक्टूबर (गुरुवार) को जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी कंपनी डीएसईटीएस प्राइवेट लिमिटेड (DSETS Pvt. Ltd.) द्वारा असेंबली और प्रोडक्शन के कुल 100 पदों पर नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार, जॉब कैंप जिला नियोजनालय, दरभंगा के कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक आयोजित होगा। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की निर्धारित आयु सीमा 18 से 30 वर्ष है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से प्रतिमाह 19,000 रुपये सीटीसी वेतन देने की जानकारी दी गई है।

नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य

जॉब कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का नियोजनालय में निबंधन कराना अनिवार्य है। इच्छुक युवा भारत सरकार के नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल www.ncs.gov.in⁠ पर ऑनलाइन निबंधन कर सकते हैं। इसके अलावा जिला नियोजनालय कार्यालय पहुंचकर भी निबंधन कराया जा सकता है।

ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी

जॉब कैंप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा अन्य आवश्यक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति साथ लानी होगी।

सहायक निदेशक, जिला नियोजनालय, दरभंगा ने इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। जॉब कैंप में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।