सड़क के गड्ढे ने उजाड़ दिया परिवार, पांच बेटियों और एक बेटे के सिर से उठा पिता का साया

दस्तक 7मीडिया,दरभंगा /अफजल खान 

सकरी चीनी मिल मोड़ के पास टेंपो पलटने से चालक की मौत, डीएमसीएच में इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था विनोद राय, पत्नी और छह बच्चों के सामने गहराया भरण-पोषण का संकट

दरभंगा। सड़क पर बने गड्ढे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस पिता के कंधों पर पांच बेटियों और एक बेटे के भविष्य की जिम्मेदारी थी, उसकी दर्दनाक मौत के बाद अब पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। सकरी थाना क्षेत्र के चीनी मिल मोड़ के पास रविवार दोपहर टेंपो पलटने से गंभीर रूप से घायल चालक विनोद राय (35) ने सोमवार सुबह डीएमसीएच में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मृतक की पहचान विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर दो स्थित सुंदरपुर वीरा निवासी जोगिंदर राम के पुत्र विनोद राय के रूप में हुई है। वह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी, पांच छोटी बेटियां और एक बेटा है। पत्नी गृहिणी हैं। ऐसे में विनोद की मौत के बाद छह बच्चों के लालन-पालन और भविष्य की चिंता परिवार के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हो गई है।

गड्ढे के कारण टेंपो पलटने की आशंका

जानकारी के अनुसार, विनोद रविवार को खाली टेंपो लेकर मधुबनी की ओर जा रहा था। इसी दौरान सकरी चीनी मिल मोड़ के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में विनोद टेंपो के नीचे दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे वाहन के नीचे से निकाला और सकरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच में इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बेंता पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव स्वजन को सौंप दिया।

अब छह बच्चों के भविष्य की चिंता

विनोद की मौत के बाद उसके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्वजन प्रमोद राम, संतोष चौधरी आदि ने बताया कि विनोद ही परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था और बच्चों की जरूरतें पूरी होती थीं। अब परिवार के सामने रोजमर्रा के खर्च से लेकर बच्चों की परवरिश तक का सवाल खड़ा हो गया है।

स्वजन ने जिला प्रशासन से परिवार की दयनीय आर्थिक स्थिति को देखते हुए अविलंब आर्थिक सहायता और नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। हादसे ने एक बार फिर सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों से होने वाले संभावित खतरे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।