कमला नदी में नाव पलटने से किसान लापता, एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।


बिरौल अनुमंडल अंतर्गत गौड़ा बौराम प्रखंड क्षेत्र के अखतबाड़ा गांव के निकट से गुजरने वाली कमला नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी पार करने के दौरान एक छोटी नाव के पलट जाने से उस पर सवार स्थानीय किसान बाबु साहेब साहू नदी के तेज बहाव में लापता हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार के बुलावे पर तुरंत मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम लापता बुजुर्ग किसान की तलाश में सघन अभियान में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, किसान बाबु साहेब साहू रोजाना की तरह अपने खेत पर काम करने के लिए जा रहे थे। नदी पार करने के लिए उन्होंने एक छोटी नाव का सहारा लिया था। इसी दौरान कमला नदी के तेज बहाव और उफान के बीच उनकी नाव संतुलन खो बैठी और नदी में पलट गई, जिससे वे पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।

घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ नदी घाट पर जमा हो गई है। सीओ अभिषेक कुमार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और एसडीआरएफ की टीम मोटरबोट की मदद से लापता किसान की खोजबीन में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक किसान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।