बेटियों की प्रतिभा का सम्मान, ट्रैक सूट और कप पाकर खिले चेहरे,

मैट्रिक-इंटर के टॉपर्स से लेकर खेल, कला और किलकारी के बच्चों तक को डीएम ने किया सम्मानित

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित अंबेडकर सभागार में प्रतिभाशाली बच्चों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम तथा समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने शिक्षा, खेलकूद और कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के संदेश वाले ट्रैक सूट और कप पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी कौशल कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) चांदनी सिंह और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और प्रतिभागी बच्चे मौजूद रहे।

बेटियों को मिले समान अवसर, तभी बनेगा सशक्त समाज

समारोह को संबोधित करते हुए डीएम कौशल कुमार ने सम्मानित होने वाले सभी बच्चों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले के बच्चे शिक्षा, खेलकूद और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव की बात हैं।

उन्होंने समाज से बालिकाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने और उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियों का सशक्तीकरण एक समृद्ध और प्रगतिशील समाज की बुनियाद है। बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा और प्रोत्साहन देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

मैट्रिक-इंटर के मेधावियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय में जिला स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मान दिया गया।

इसके अलावा खेलकूद और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। किलकारी बाल भवन केंद्र के उन बच्चों को भी प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी पहचान बनाई है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया सामाजिक संदेश

समारोह के दौरान किलकारी केंद्र के बच्चों ने महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों की सराहना बटोरी।

इससे पहले जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चांदनी सिंह ने अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने बालिकाओं के कल्याण, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन तथा वन स्टॉप सेंटर, दरभंगा के पदाधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे। समारोह का समापन बालिकाओं को सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।