बिरौल में दहलीज पर न्याय की उम्मीद, चमेली देवी हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, एसपी साक्षी कुमारी कर रही है मॉनिटरिंग

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के सहसराम गांव में हुए बहुचर्चित चमेली देवी हत्याकांड ने इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य वारदात के बाद से स्थानीय स्तर पर भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई ने आम जनता के दिलों में न्याय का भरोसा एक बार फिर मजबूत कर दिया है। अपराधियों को शिकंजे में कसने के लिए पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी खुद इस पूरे ऑपरेशन की कमान संभाले हुए हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान को अंजाम दे रही है। पुलिस का एक-एक कदम इस बात की गवाही दे रहा है कि कानून के हाथ कितने लंबे होते हैं। इस सिलसिले में पुलिस पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़ते हुए डिजिटल और फोरेंसिक सबूतों को आधार बना रही है। घटना के बाद से एस पी (ग्रामीण) साक्षी कुमारी स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही हर कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार मॉनिटरिंग कर रही हैं। बिरौल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता इस कांड में शामिल बदमाशों के गिरेबान तक पहुंचकर उन्हें जल्द से जल्द कानून के कटघरे में खड़ा करना है। पुलिस अनुसंधान के शुरुआती और पुख्ता बिंदुओं के मुताबिक, यह पूरी वारदात अपराधियों के दुस्साहस और क्रूरता की पराकाष्ठा है। मुख्य आशंका के आधार को मानते हुए और शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि दो दिन पहले अपराधी घर में रुपये चोरी करने के इरादे से घुसे थे। इसी दौरान जब चमेली देवी ने उन्हें पहचान लिया, तो बदमाशों ने अपनी पहचान और तमाम साक्ष्यों को हमेशा के लिए मिटाने के उद्देश्य से उनकी अत्यंत निर्मम हत्या कर दी।

इस दुस्साहसपूर्ण घटना के बाद ग्रामीणों में रोष तो है, लेकिन एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के नेतृत्व में हो रही गंभीर और त्वरित कार्रवाई को देखकर स्थानीय आम लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के इस कड़े रुख से यह पूरी तरह साफ हो गया है कि कितना भी शातिर अपराधी क्यों न हो, वह कानून की गिरफ्त से ज्यादा दिनों तक बच नहीं सकता। प्रशासन की इस सक्रियता से यह तय माना जा रहा है कि पीड़ित परिवार को बहुत जल्द न्याय मिलेगा और इस जघन्य हत्याकांड के सभी चेहरे बेनकाब होंगे।