गायघाट में 21 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और दो मोबाइल जब्त

दीपक कुमार/ गायघाट

मुजफ्फरपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गायघाट थाना पुलिस ने 21.06 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शराबबंदी और अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के विरुद्ध लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 9 अक्टूबर 2026 को गायघाट थाना पुलिस को मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति द्वारा गांजा की बिक्री और परिवहन किए जाने की गुप्त सूचना मिली।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सकरवारा नूर और भतर नगर जाने वाली सड़क पर वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेनीबाद थाना क्षेत्र के महेश राय के रूप में हुई है। उसके पास से 21.06 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।

इस मामले में गायघाट थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी पता लगा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा है।