पोक्सो एक्ट के फरार आरोपी पप्पू राम के घर पुलिस ने डुगडुगी बजाकर चिपकाया इश्तिहार, आत्मसमर्पण न करने पर होगी कुर्की

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले में लगातार फरार चल रहे एक अभियुक्त के खिलाफ पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसना तेज कर दिया है। दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत नौडेगा गांव में पुलिस ने फरार अभियुक्त पप्पू राम के घर पर डुगडुगी बजाकर विधिवत न्यायालय के इश्तिहार का तामिला किया।मिली जानकारी के अनुसार, बिरौल थाना कांड संख्या 562/26 का अभियुक्त पप्पू राम (पिता- रामवीर राम), ग्राम नौडेगा, घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। इसके बाद न्यायालय से जारी आदेश के आलोक में मामले की अनुसंधानकर्ता पीएसआई भार्गवी कुमारी के नेतृत्व में शुक्रवार को पुलिस टीम नौडेगा गांव पहुंची। पुलिस टीम ने अभियुक्त के घर के समक्ष डुगडुगी बजाकर ग्रामीणों की मौजूदगी में इश्तिहार चिपकाया और परिजनों व ग्रामीणों को सूचित किया कि यदि अभियुक्त शीघ्र ही अदालत में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इस मामले के संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि यह मामला पोक्सो एक्ट का है और आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इश्तिहार तामिला के बाद यदि अभियुक्त तय समय सीमा के भीतर न्यायालय या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो पुलिस न्यायालय से अनुमति लेकर उसकी चल संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करेगी।