ब्रेकिंग :कोतवाली थाने से फरार हुआ शराब तस्करी का आरोपित, मचा हड़कंप, 5.4 लीटर(30 बोतल ) विदेशी शराब के साथ म्यूजियम गुमटी के पास पकड़ा गया था युवक, थानाध्यक्ष खुद कर रहे छापेमारी
थाना परिसर की सुरक्षा और निगरानी पर उठे सवाल, सीसीटीवी फुटेज व स्टेशन डायरी की जांच से खुलेगा फरारी का राज
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा के कोतवाली थाने से शराब तस्करी का एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। शौचालय जाने के बहाने आरोपित के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिस युवक को पुलिस ने 5.4 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया था, वह थाना परिसर से कैसे निकल भागा, अब यह बड़ा सवाल बन गया है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली थानाध्यक्ष नीतीश कुमार खुद छापेमारी कर रहे हैं। घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा में निगरानी की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
बैग में मिले थे 30 टेट्रा पैक
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपित की पहचान बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोहन गांव निवासी विजय कुमार सहनी (27) के रूप में हुई है। प्राथमिकी आवेदन के मुताबिक, पुलिस ने नौ अक्टूबर की रात करीब 12:10 बजे म्यूजियम गुमटी के पास वाहन जांच के दौरान उसे पकड़ा था। वह पीठ पर बैग लेकर रेलवे स्टेशन की ओर से आ रहा था। पुलिस को देखकर वह पीछे मुड़कर भागने लगा, लेकिन गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके बैग से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की के 180 मिलीलीटर वाले 30 सीलबंद टेट्रा पैक बरामद किए गए। शराब की कुल मात्रा 5.4 लीटर बताई गई है। इसके बाद पुलिस उसे कोतवाली थाने ले गई थी।
आखिर कैसे निकल भागा आरोपित?
बताया जा रहा है कि थाने में रहने के दौरान आरोपित ने शौचालय जाने की बात कही। इसी दौरान वह पुलिस की निगरानी से बचकर फरार हो गया। घटना सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। अब पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कोतवाली थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने आरोपित के थाने से फरार होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
निगरानी में चूक किसकी, जांच से खुलेगा राज
शराब बरामदगी के मामले में पकड़े गए आरोपित का थाना परिसर से फरार होना पुलिस के लिए गंभीर चुनौती है। अब यह स्पष्ट होना जरूरी है कि फरारी के समय आरोपित की निगरानी किस पुलिसकर्मी के जिम्मे थी और वह थाना परिसर से किस रास्ते बाहर निकला,थानाध्यक्ष के मौजूदगी में वह फरार हुआ या नहीं ,लेकिन जवाबदेही उनके साथ साथ ओडी पदाधिकारी भी हें।
थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, स्टेशन डायरी और गिरफ्तारी से संबंधित अभिलेखों की जांच से घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकती हैं।
फिलहाल, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस की आधिकारिक जांच के बाद ही फरारी की पूरी परिस्थितियों और संभावित जिम्मेदारी का पता चल सकेगा।