दुर्गापूजा में डीजे बजाया तो जब्त होगा, केस भी होगा ?

लहेरियासराय थाना की शांति समिति बैठक में सख्ती: पंडालों में सीसीटीवी जरूरी, अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

 

दुर्गापूजा में डीजे बजाकर शोर-शराबा करने वालों पर पुलिस अब सीधे कार्रवाई करेगी। लहेरियासराय थाना में गुरुवार को हुई शांति समिति की बैठक में थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने पूजा समितियों को साफ चेतावनी दी कि नियम तोड़कर डीजे बजाने पर उसे जब्त किया जाएगा और संबंधित लोगों पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी। पुलिस ने अश्लील गाने, सोशल मीडिया पर अफवाह और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही को लेकर भी पूजा समितियों को सतर्क किया।

बैठक में थानाध्यक्ष ने पूजा समितियों से अश्लील और आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

दुर्गापूजा के दौरान पंडालों पर पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। पुलिस गश्ती के साथ प्रशासनिक पदाधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सभी पूजा समितियों को थाने से विधिवत लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया है।

पंडाल में सीसीटीवी, वालंटियर और अग्नि सुरक्षा जरूरी

पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, वालंटियरों की टीम सक्रिय रखने और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया। अधिकारियों ने समितियों से पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के अध्यक्ष-सचिव, बुद्धिजीवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।