वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ महागठबंधन का प्रदर्शन, गायघाट में पुतला दहन

दीपक कुमार/ गायघाट

गायघाट, 7 अक्टूबर। वोट चोरी के आरोप और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञाणेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर महागठबंधन के आह्वान पर सोमवार को गायघाट प्रखंड मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञाणेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।
महागठबंधन नेताओं के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, भाकपा माले के दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के आह्वान पर देशभर में चल रहे आंदोलन के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता कर्पूरी भवन से जुलूस की शक्ल में गायघाट मुख्य बाजार होते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान “वोट चोर गद्दी छोड़”, “मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करो”, “SIR वापस लो” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाए गए।
कार्यक्रम में राजद, भाकपा माले, कांग्रेस, वीआईपी समेत महागठबंधन के बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व राजद नेता एवं पूर्व विधायक निरंजन राय, भाकपा माले जिला सचिव जितेंद्र यादव, वीआईपी जिला अध्यक्ष मनोज सहनी, राजद प्रखंड अध्यक्ष पाचू महासेठ, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित यादव, माले प्रखंड सचिव विवेक कुमार, वीआईपी प्रखंड अध्यक्ष राम पुकार सहनी ने किया। मौके पर सुनील राय, अरविंद राय, राहुल कुमार, मुन्ना कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।