प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,

दरभंगा, मधुबनी व समस्तीपुर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, विजेता अब राज्य स्तर पर करेंगे प्रमंडल का प्रतिनिधित्व

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में सोमवार को प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर जिले के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उद्घाटन उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार एवं जिला खेल संघ के सचिव जितेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि भारत खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों में दरभंगा प्रमंडल के खिलाड़ी पहुंचकर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो यह पूरे प्रमंडल के लिए गौरव का क्षण होगा। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

अपर समाहर्ता राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रमंडल के खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर नाम रोशन करेंगे। जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतियोगिता स्थल पर आवश्यक व्यवस्था की गई है।

शतरंज में बालक-बालिकाओं ने जीते स्वर्ण

शतरंज के अंडर-14 बालक वर्ग में हर्षवर्धन सिंह, अंडर-17 में आर्यन कुमार और अंडर-19 में प्रिंस पासवान प्रथम रहे। बालिका वर्ग में अंडर-14 में मनीषा यादव, अंडर-17 में वैष्णवी कुमारी और अंडर-19 में खुशी कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया।

टेबल टेनिस के अंडर-14 बालक वर्ग में दरभंगा के भास्कर भानु विजेता रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में मधुबनी की वैष्णवी कुमारी विजेता और दरभंगा की साक्षी कुमारी उपविजेता रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में मधुबनी के आदित्य आनंद विजेता और दरभंगा के सिद्धांत उपविजेता रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग में मानसी कुमारी विजेता और सरस्वती उपविजेता रहीं। अंडर-19 बालिका वर्ग में मधुबनी की सृष्टि शोभा विजेता और दरभंगा की स्मिता उपविजेता रहीं।

वॉलीबॉल और कुश्ती में दरभंगा का दबदबा

वॉलीबॉल के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग में दरभंगा की टीम विजेता रही, जबकि तीनों वर्गों में मधुबनी उपविजेता रही।

अंडर-17 बालक वर्ग की कुश्ती में दरभंगा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 56 किलो में आयुष कुमार, 60 किलो में पृथ्वीराज, 65 किलो में श्रेहाल भारद्वाज, 71 किलो में सुधांशु सिंह, 79 किलो में अनुभव कुमार झा, 88 किलो में सादिक शहजाद और 98 किलो में ऊर्जा कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-19 बालक वर्ग में मधुबनी के अंकित कुमार प्रथम रहे।

पहले दिन शतरंज, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, कराटे, बॉक्सिंग, वॉलीबॉल, फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन कुश्ती तथा भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं हुईं।

आज एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और खो-खो

जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि छह अक्टूबर को एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और खो-खो की प्रतियोगिताएं होंगी। एथलेटिक्स और खो-खो नेहरू स्टेडियम में, जबकि बास्केटबॉल होली मैरी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में दरभंगा प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।