दुर्गा पूजा को लेकर बिरौल प्रशासन सख्त, उपद्रवियों पर नकेल कसने के लिए बेल बाउंड की कार्रवाई तेज, 200 से अधिक लोग पाबंद

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बिरौल अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है। असामाजिक तत्वों और पर्व के दौरान शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों पर नकेल कसने के उद्देश्य से थाना स्तर पर निरोधक कार्रवाई (बेल बाउंड) का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय से निर्गत नोटिसों को संबंधित व्यक्तियों तक पहुँचाने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। क्षेत्र के सभी चौकीदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चिह्नित लोगों को ससमय नोटिस हस्तगत कराएं, ताकि वे न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर बंधपत्र (बेल बाउंड) दाखिल कर सकें। इसकी पुष्टि करते हुए बिरौल थानाध्यक्ष चंद्र मणि ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। लगभग 200 चिन्हित लोगों का बेल बाउंड भराया जा चुका है और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। प्रशासन की इस मुस्तैदी से असामाजिक और उपद्रवी तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग मचाने, भ्रामक अफवाहें फैलाने या शांति व्यवस्था में खलल डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल प्रशासन ने स्थानीय पूजा समितियों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को भ्रातृत्व और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।