आठ मदरसों के विकास को 16.15 करोड़ की मंजूरी

मूलभूत सुविधाओं, आधारभूत संरचना और शैक्षणिक सुधार के लिए जिला स्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार राज्य मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना के तहत दरभंगा जिले के आठ मदरसों में आधारभूत संरचना और शैक्षणिक सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो गया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय अनुमोदन समिति की बैठक में कुल 16 करोड़ 15 लाख 45 हजार 530 रुपये के विकास प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई बैठक में विभिन्न मदरसों से प्राप्त प्रस्तावों की बारीकी से समीक्षा की गई। डीएम ने प्रस्तावों के साथ संलग्न नजरी नक्शा, एलपीसी और मदरसा बोर्ड से प्राप्त प्रस्वीकृति पत्र का अवलोकन किया। जांच के बाद समिति ने सभी आठ मदरसों के प्रस्तावों को अनुमोदित कर दिया।

स्वीकृति पाने वाले मदरसों में केवटी प्रखंड का मदरसा मुफ्ताहुल उलूम, त्रिमुहान, सिंहवाड़ा के फलाइहुल मुस्लिमीन मदरसा, कन्हौली और मदरसा बसतुन्नूर उलूम, टेकटार, कुशेश्वरस्थान के मदरसा सेफातुल इस्लाम बरी और मदरसा अशरफुल उलूम, गोठानी, जाले के मदरसा कासिमुल उलूम हुसैनिया, दोघरा, हायाघाट के मदरसा मदरसातुल बनात, चन्दनपट्टी तथा बहेड़ी के मदरसा अमीनिया अजीजुल उलूम, लक्ष्मीपुर वकराईपुर, जोगरजा शामिल हैं।

योजना के तहत इन संस्थानों में वर्ग कक्ष, शौचालय, प्रायोगिक कक्ष, कंप्यूटर रूम, पुस्तकालय, रसोईघर, छात्रावास हॉल, वोकेशनल प्रशिक्षण हॉल, बहुउद्देशीय भवन, सीढ़ी और प्राचार्य कक्ष समेत विभिन्न सुविधाओं का निर्माण एवं विकास किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार योजना का उद्देश्य मदरसों की आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और आधारभूत संरचना को मजबूत करना तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

बैठक में सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (भवन), जिला लीड मदरसा के प्रधानाध्यापक तथा संबंधित मदरसों की प्रबंध समितियों के सचिव मौजूद थे।