,जवाहर नवोदय विद्यालय पचाढ़ी की व्यवस्था सुधारने पर डीएम का जोर,

स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति, बिजली-नल जल कनेक्शन व सोलर लाइट की पहल; अनुशासनहीन छात्रों पर कार्रवाई के निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पचाढ़ी की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय साक्षात्कार समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यालय की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्द्र सेन ने विद्यालय की उपलब्धियों के साथ स्टेडियम, खेल मैदान तथा मुख्य सड़क से विद्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचने वाली सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा। डीएम ने विद्यालय की आवश्यकताओं पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

बिजली और नल-जल सुविधा को लेकर निर्देश

डीएम ने विद्यालय में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति, बिजली आपूर्ति को दरभंगा के शहरी फीडर से जोड़ने, विद्यालय को नल-जल योजना से जोड़ने तथा सोलर लाइट और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण को संबंधित कार्यों का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।

प्रतिदिन एक घंटे डॉक्टर की सेवा का प्रस्ताव

विद्यालय में विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिदिन एक घंटे के लिए एमबीबीएस चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति के संबंध में सिविल सर्जन को पत्र भेजने पर डीएम ने सहमति प्रदान की।

अनुशासन पर विशेष जोर

डीएम ने विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्रों की नियमित काउंसलिंग कराने पर भी जोर दिया। साथ ही अनुशासनहीनता के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा गंभीर अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित छात्रों के निष्कासन की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सह विद्यालय सलाहकार समिति की सदस्य रेणु देवी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, कार्यपालक अभियंता रवीन्द्र कुमार रवि, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य ऋषि रमण सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक एवं अभिभावक प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में वरिष्ठ शिक्षक डॉ. हेमनाथ झा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।