05 अक्टूबर से प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं, अंडर-14, 17 व 19 के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं खेल विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन 05 अक्टूबर से किया जाएगा। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेंगे।

जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि 05 अक्टूबर को एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हैंडबॉल, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, कराटे, बॉक्सिंग, वुशू, वॉलीबॉल, कुश्ती एवं भारोत्तोलन की प्रतियोगिताएं होंगी। 06 अक्टूबर को बास्केटबॉल, योग, खो-खो एवं एथलेटिक्स, जबकि 07 एवं 08 अक्टूबर को कबड्डी, साइकिलिंग, फुटबॉल एवं सेपक टाकरा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 23 से 25 अक्टूबर तक क्रिकेट प्रतियोगिता होगी।

जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि सभी चयनित खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि एवं निर्धारित खेल स्थल पर समय से उपस्थित होना अनिवार्य है। दरभंगा जिले की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के खिलाड़ियों की 05 अक्टूबर को सुबह 9 बजे नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को राज्य स्तर पर प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा।