लोहिया चौक-पंडासराय गुमटी सड़क चौड़ीकरण में तेजी के निर्देश,

डीएम कौशल कुमार ने किया स्थल निरीक्षण, यूटिलिटी शिफ्टिंग और शेष अतिक्रमण शीघ्र हटाने को कहा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लोहिया चौक से पांडसराय गुमटी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में अब तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं से निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सड़क चौड़ीकरण के लिए विभिन्न स्थानों पर यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम लंबित पाया गया। नाला, विद्युत पोल सहित अन्य यूटिलिटीज को निर्धारित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाना है। डीएम ने संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा करने को कहा, ताकि सड़क निर्माण की रफ्तार प्रभावित नहीं हो।

वहीं, कुछ स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण के लिए आवश्यक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शेष मिली। इस पर जिलाधिकारी ने सदर एसडीओ कुमार गौरव को नियमानुसार शेष अतिक्रमण शीघ्र हटाने का निर्देश दिया।

डीएम ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंता और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।