गांधी जयंती पर शिवदाहा स्कूल में बच्चों को पढ़ाया गया स्वच्छता और सत्य का पाठ

दीपक कुमार/ गायघाट

गायघाट। गांधी जयंती के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के शिवदाहा शिशु कल्याण मंदिर विद्यालय समेत विभिन्न विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संस्थान के डायरेक्टर विजय कुमार श्रीवास्तव ने महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों और देश के प्रति योगदान से बच्चों को अवगत कराया।
शिक्षकों ने बच्चों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की गई। साथ ही विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्वच्छता अभियान में भाग लेने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की सीख दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिक्षकों ने कहा कि गांधीजी के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं। बच्चों को उनके आदर्शों पर चलकर जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प दिलाया गया।