दो अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारियों के साथ एसडीपीओ ने किया अपराध गोष्ठी,अपराध जगत में उभरते नये व्यक्ति पर अंकुश लगाने का सभी थानाध्यक्षों को मिला टास्क,
जेल से जमानत पर छूटे अपराधी एवं शराब तस्करों पर रखे पैनी नजर- एसडीपीओ।
बिरौल /दरभंगा।
अपराधिक घटनाओं एवं अपराध जगत में उभरते नये व्यक्ति पर अंकुश लगाने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों को लेकर शनिवार को दो अनुमंडल क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारियों का संयुक्त अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। थाना परिसर में आयोजित अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी कर रहे थे। जिसमें बिरौल एवं बेनीपुर के अंचल पुलिस निरीक्षक सहित सभी थानाध्यक्ष उपस्थित हुए। इस दौरान एसडीपीओ श्री चौधरी ने पूर्व के बैठक में दिये गए निर्देश के आलोक में थाना स्तर पर किये गए कार्रवाई की समीक्षा करते हुए विभिन्न कांडों में फरार चल अभियुक्तों की गिरफ्तारी जल्द करने का निर्देश दिये। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों से कहा कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र अन्तर्गत असमाजिक तत्वों को चिन्हित कर उसके के विरुद्ध सीसीए का प्रस्ताव भेजने,बैंकों के अंदर एवं उसके आसपास के अलावा व्यवसायी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए चौकशी बढ़ाने, गश्ती के दौरान संदिग्ध हालात में देखे गये व्यक्ति को थाना ला कर उससे पूछताछ करने, जमानत पर जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों एवं शराब तस्करों पर पैनी नजर रखने सहित कई महत्वपूर्ण विंदुओं पर आवश्यक निर्देश दिये। एसडीपीओ ने चौक चौराहे पर अवस्थित चाय-नास्ता के दुकानों पर बेवजह अड्डा बाजी करने वाले लोगों की जन्मकुंडली खंगाल कर उसके विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों से दुर्गा पूजा के दौरान उपद्रवी प्रविर्ती के व्यक्ति को चिन्हित कर उसके विरुद्ध 107,116 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बिरौल क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को और भी दुरुस्त करने एवं इसके तहत बिरौल-सहरसा मुख्य मार्ग अवस्थित कोठी चौक पर पुलिस चेक पोस्ट भवन बनाने के दिशा में अग्रेतर कार्रवाई किये जाने की बात कही। अपराध गोष्ठी में बहेड़ा के अंचल निरीक्षक रतन कुमार झा, बिरौल के अंचल पुलिस निरीक्षक सुरेश राम, बिरौल के पुनि सह थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश झा, बहेड़ा ब्रिजेन्द्र कुमार ब्रजेश, बहेड़ी के आशुतोष झा,बाजीतपुर के मनीष कुमार, मनीगाछी के प्रियंका कुमारी, कु.स्थान के राकेश कुमार सिंह सहित दोनों अनुमंडल के कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
